ग्वालियर: देर रात चोरी-छिपे शराब बेच रही दुकान पर पुलिस का धावा; डंडे बरसाकर भीड़ को खदेड़ा, वीडियो वायरल
ग्वालियर के थाटीपुर में देर रात चोरी-छिपे शराब बेच रही दुकान पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। दुकान बंद कर खिड़की से शराब बेचने का वीडियो वायरल, पुलिस ने डंडे बरसाकर भीड़ को खदेड़ा।
ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र में देर रात शराब दुकान पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे की है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
जानकारी के अनुसार, निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद शराब दुकान का मुख्य शटर गिरा दिया गया था, लेकिन संचालक चोरी-छिपे दुकान की खिड़की से ग्राहकों को शराब बेच रहे थे। इस अवैध बिक्री के कारण दुकान के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। गश्त पर निकली पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो पहले उन्होंने लोगों को वहां से हटने की समझाइश दी, लेकिन भीड़ नहीं मानी।
भीड़ न हटने पर थाटीपुर थाने में पदस्थ एसआई के.के. पाराशर ने सख्त रुख अपनाते हुए डंडा संभाला। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी वहां मौजूद लोगों को खदेड़ रहे हैं। इस दौरान कुछ लोगों को चोटें आने की भी खबर है। भीड़ को खदेड़ने के बाद पुलिस ने दुकान की खिड़की को बंद कराया।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यह कोई पहली बार नहीं है, बल्कि इस शराब दुकान पर पहले भी समय खत्म होने के बाद अवैध रूप से शराब बेचने की शिकायतें मिलती रही हैं। शटर गिराकर खिड़की से बिक्री करना दुकान संचालकों का पुराना तरीका रहा है।
इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि उन्हें देर रात शराब की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकान संचालकों और देर रात उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।
फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो के बाद एक ओर शराब दुकान संचालकों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग की चर्चा भी आम हो गई है। अब सभी की निगाहें वरिष्ठ अधिकारियों की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।