तीन शादियों का आरोप: पत्नी ने लगाई धोखाधड़ी की गुहार, पति ने दी अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी
ग्वालियर में एक नवविवाहिता महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। 19 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने पति अनिकेत वर्मा पर धोखाधड़ी, मारपीट और एक साथ तीन शादियां करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्वालियर में एक नवविवाहिता महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। 19 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने पति अनिकेत वर्मा पर धोखाधड़ी, मारपीट और एक साथ तीन शादियां करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही, उसने यह भी बताया कि पति उसे अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है।
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2025 में उसने अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ घर से भागकर अनिकेत वर्मा से प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद ही पति का व्यवहार बदल गया और उसने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। धीरे-धीरे युवती को यह जानकारी मिली कि अनिकेत पहले से शादीशुदा है और उसने यह बात छुपाकर उससे धोखे से विवाह किया था।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि अनिकेत ने युवती को प्रेम जाल में फंसाकर इंदौर ले जाकर आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। हालांकि, पीड़िता के बार-बार कहने के बावजूद उसने इस शादी का कानूनी रूप से रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया। बाद में यह भी सामने आया कि अनिकेत का अपनी पहली पत्नी से हाल ही में तलाक हुआ है।
इसके बाद अनिकेत दिल्ली चला गया, जहां उसने कथित तौर पर एक अन्य युवती से आर्य समाज मंदिर में तीसरी शादी कर ली और वर्तमान में उसी के साथ रह रहा है। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो अनिकेत ने उसे धमकाना शुरू कर दिया और उसके निजी फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा।
फिलहाल पीड़िता अपने माता-पिता के साथ रह रही है और आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही है। उसने पति से तलाक की भी मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।