जीवाजी यूनिवर्सिटी में अंतिम तारीख से पहले वसूली जा रही लेट फीस: छात्रों से मांगे 500 रुपये अतिरिक्त, 1427 की जगह चुकाने पड़े 1968 रुपये
ग्वालियर की जीवाजी यूनिवर्सिटी में परीक्षा फॉर्म की अंतिम तारीख से पहले 500 रुपये लेट फीस मांगी जा रही है। छात्र को 1427 की जगह 1968 रुपये चुकाने पड़े।
जीवाजी विश्वविद्यालय (Jiwaji University) में परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान छात्रों से निर्धारित समय सीमा समाप्त होने से पहले ही लेट फीस वसूले जाने का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय ने 25 नवंबर को जारी नोटिफिकेशन में बिना लेट फीस के परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 3 दिसंबर निर्धारित की है। इसके बावजूद ऑनलाइन पोर्टल पर छात्रों से 500 रुपये अतिरिक्त लेट फीस मांगी जा रही है।
इस समस्या के चलते छात्रों को निर्धारित परीक्षा शुल्क से अधिक राशि का भुगतान करना पड़ रहा है। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से पोर्टल की गड़बड़ी दूर करने और अतिरिक्त शुल्क की वसूली रोकने की मांग की है।
1427 रुपये की जगह चुकाने पड़े 1968 रुपये
एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के एक छात्र ने परीक्षा फॉर्म भरते समय निर्धारित 1427 रुपये जमा करने की कोशिश की, लेकिन फॉर्म सबमिट नहीं हुआ। पोर्टल पर 500 रुपये अतिरिक्त लेट फीस जमा करने का विकल्प दिखाई दिया।
फॉर्म सबमिट करने के लिए छात्र ने अतिरिक्त शुल्क जमा किया। इसके बाद पोर्टल शुल्क सहित उसे कुल 1968 रुपये का भुगतान करना पड़ा। इस तरह निर्धारित शुल्क से 541 रुपये अधिक चुकाने पड़े।
छात्रों ने जताई नाराजगी, बढ़ रहा आर्थिक बोझ
विश्वविद्यालय के छात्रनेता निहाल सिंह ने बताया कि उनके साथी एलएलबी थर्ड ईयर के छात्र ने फोन पर लेट फीस वसूले जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद उन्होंने स्वयं पोर्टल पर जांच की तो वहां भी यही स्थिति मिली।
उनका कहना है कि अंतिम तारीख से पहले लेट फीस लेना गलत है। इससे छात्रों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
एलएलबी फर्स्ट ईयर के छात्र संदीप ने कहा कि विश्वविद्यालय में ग्वालियर के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। ऐसे में अतिरिक्त फीस जमा करना उनके लिए मुश्किल हो सकता है।
पीजीडीसीए के छात्र अनिल ने भी अतिरिक्त शुल्क को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थी भी पढ़ते हैं, जिन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है।
परीक्षा नियंत्रक बोलीं- तकनीकी गड़बड़ी की कराई जा रही जांच
जीवाजी विश्वविद्यालय की परीक्षा नियंत्रक आशा कुमारी वर्मा ने बताया कि नोटिफिकेशन के अनुसार 3 दिसंबर तक बिना लेट फीस के परीक्षा फॉर्म भरे जा सकते हैं। यदि किसी छात्र के पोर्टल पर इससे पहले लेट फीस दिखाई दे रही है, तो इसकी जांच कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल सिस्टम पर तकनीकी कार्य चल रहा है। कई बार अधिसूचना जारी होने और आईटी सेल तक जानकारी पहुंचने के बाद पोर्टल अपडेट होने में समय लगता है। इस दौरान परीक्षा फॉर्म भरने में ऐसी समस्या आ सकती है।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि निर्धारित समय सीमा से पहले पोर्टल पर लेट फीस क्यों दिखाई दे रही है।